लाडनूं (कलम कला न्यूज)। अपनी सम्पति के प्रति बरसों तक उदासीन रहने के बाद अब कहीं जाकर नगरपालिका की आंखें खुली है। नगरपालिका द्वारा देश के प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा की स्थापना अपने खर्च से करके उसका भव्य अनावरण समारोह भी पालिका खर्च से किया गया व मूर्ति के आस-पास उद्यान लगाने का कार्य किया गया और उसके लिए ठिकाना लाडनूं की ओर से वहां मौजूद राणावत जी के कुएं का समर्पण नगरपालिका को किया गया, जिसके पानी से वहां शानदार पार्क विकसित किया गया था। परन्तु वह कई मोड़ देखने के बाद वहां स्थापित की गई जैन विश्व भारती संस्था के कब्जे में चला गया, अब उसे मुक्त करवाने की कार्यवाही के प्रति नगरपालिका जागृत हुई है। नगरपालिका के अधिशाषी अधिकारी जस्साराम गोदारा ने नगरपालिका की सम्पति नेहरू पार्क को अतिक्रमण से मुक्त करवाने के क्रम में नेहरू पार्क के बारे में तहसीलदार लाडनूं व जैन विश्व भारती लाडनूं से जानकारी मांगी है। गोदारा ने जैन विश्व भारती के व्यवस्थापक को पत्र क्रमांक- 238 दिनांक: 16-05-2011 देकर लिखा है कि नेहरू पार्क सम्पति जैन विश्व भारती परिसर के भीतर अवस्थित है, उसके स्वामित्व के सम्बंध में दस्तावेजों की प्रतियां उपलब्ध करावें, रिकार्ड के अनुसार नेहरू पार्क की लम्बाई-चौड़ाई व क्षेत्रफल से अवगत करावें, रिकॉर्ड के अलावा वास्तविक क्षेत्रफल नेहरू पार्क का कितना मौजूद है, अगर नेहरू पार्क सम्पति का सरकार या पालिका के साथ कोई लीज करार हुआ है, तो उसकी प्रतिलिपि दी जावे, नेहरू पार्क तक पहुंचने के सार्वजनिक आम रास्ते कहां-कहां स्थित हैं, क्या नेहरू पार्क के लिए प्रवेशाधिकार आरक्षित किया गया है, उसकी जानकारी आदि समस्त जानकारी के अलावा गोदारा ने जैन विश्व भारती संस्थान का सम्पूर्ण परिसर कुल कितनी भूमि उपर अवस्थित है उसके समस्त दस्तावेजों के साथ जानकारी सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शीघ्र उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने अपने पत्र क्रमांक 239 दिनांक 16-05-2011 तहसीलदार लाडनूं को जारी किया है, जिसमें उन्होंने राजस्व रिकॉर्ड के अनुसार नेहरू पार्क का क्षेत्रफल कितना है? नेहरू पार्क सम्पति के स्वामित्व के सम्बंध में समस्त आवश्यक जानकारी, नेहरू पार्क सम्पति का अगर लीज करार हुआ हो तो उसकी प्रतिलिपि दी जाने के लिए मांग करते हुए जैन विश्व भारती व जैन विश्व भारती विश्वविद्यालय का सम्पूर्ण परिसर कुल कितनी भूमि पर अवस्थित है, की जानकारी मय आवश्यक रिकार्ड के मांगी है।
No comments:
Post a Comment